जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सिदो- कान्हू चौक, हलूदबनी से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां 35 वर्षीय वीरेंद्र दामद ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

मिली जानकारी के अनुसार वीरेंद्र दामद पेशे से ड्राइवर थे और भाड़े की गाड़ी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. घटना के समय उनकी पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी और काम पर गई हुई थी.
बताया जा रहा है कि जब उनकी पत्नी घर लौटी तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद पड़ोसियों की मदद से खिड़की से झांककर देखा गया, जहां वीरेंद्र दामद फांसी के फंदे से लटके हुए दिखाई दिए.
घटना की सूचना तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा काटकर घर के अंदर प्रवेश किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

