जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला न्यायालय परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक ईमेल के जरिए कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी कथित तौर पर तमिलनाडु के एक संगठन के नाम से भेजी गई है.

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया. सुरक्षा के मद्देनजर सिविल कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर दी गई और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई.
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) नीतीश कुमार सांगा ने स्वयं कोर्ट और अधिवक्ता परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान हेडक्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह और जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे.
जांच को प्रभावी बनाने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया. टीम ने कोर्ट परिसर के कमरों, गलियारों और संदिग्ध स्थानों की सघन तलाशी ली.
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ईमेल के स्रोत और उसकी सत्यता की तकनीकी जांच कर रहे हैं. फिलहाल कोर्ट परिसर में आने- जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढील नहीं दी जा रही है.

