सरायकेला/ Pramod Singh इन दिनों सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है. सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने चेतावनी दी है कि अफवाह के आधार पर किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चा चोरी की झूठी अफवाह फैला रहे हैं, जिससे लोगों में डर और भ्रम का माहौल बन रहा है. ऐसे में यदि किसी को कोई संदिग्ध सूचना मिलती है तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें और कानून को अपने हाथ में न लें.
थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ दिन पहले कोलबिरा इलाके में एक मानसिक रूप से विचलित महिला को बच्चा चोर समझकर मारपीट की स्थिति बन गई थी. हालांकि सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर पुरुलिया स्थित ‘अपना घर’ भेज दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरायकेला थाना क्षेत्र में अब तक बच्चा चोरी का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है. लोगों से अपील है कि अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही किसी तरह की झूठी खबर फैलाएं.

