सरायकेला: जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार शाम करीब 6 बजे गम्हरिया थाना मोड़ के समीप यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में अभियान चलाया गया.

इस दौरान यातायात थाना में पदस्थापित अधिकारियों और कर्मियों की टीम ने सवारी वाहनों की जांच की. जांच के दौरान तीन ऐसे वाहन पाए गए जो निर्धारित सीटिंग क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर चलाए जा रहे थे.
बताया गया कि इन तीन वाहनों में कुल 78 यात्रियों को बैठाकर सफर कराया जा रहा था. इसके बाद संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ यातायात नियमों के तहत आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की गई. पुलिस ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें.
इसके साथ ही यात्रियों को भी सलाह दी गई कि यदि किसी सवारी वाहन की सीटिंग क्षमता पूरी हो चुकी हो तो उस वाहन में यात्रा न करें और दूसरे वाहन का इंतजार करें, ताकि अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
यातायात पुलिस ने जिले के लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

