जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ी घटना सामने आई, जहां CGPC कार्यालय और मॉडर्न पब्लिक स्कूल के समीप खड़ी पांच बाइक जलकर राख हो गईं. आग कैसे लगी, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है.

स्थानीय लोगों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति ने झाड़ियों में सिगरेट पीकर फेंक दिया, जिससे सूखी झाड़ियों में आग लग गई. देखते ही देखते आग फैल गई और पास में खड़ी पांचों बाइक इसकी चपेट में आकर जलकर खाक हो गईं.
बताया जाता है कि सभी बाइक सवार टाटा स्टील के ठेका कर्मी हैं. वे अपनी बाइक CGPC कार्यालय के पास खड़ी कर कंपनी के अंदर ड्यूटी करने गए थे. इसी दौरान यह घटना घट गई.
जिन लोगों की बाइक जली है उनमें शरत चंद्र महतो, सतीश कुमार, बी. सुधाकर राव और राजेश कुमार शामिल हैं, जबकि एक बाइक मालिक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है.
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. वहीं साकची थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

