चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ स्थित चेकनाका दुर्गा मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला. रविवार की रात भगवान शिव और माता पार्वती का भव्य विवाह संपन्न हुआ, जिसके बाद सोमवार दोपहर लगभग 2:00 बजे माता पार्वती की भावपूर्ण विदाई की गई.

महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. देर रात तक शिव- पार्वती विवाह की पारंपरिक रस्में निभाई गईं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. भजन- कीर्तन और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा.
विवाह के बाद सोमवार दोपहर माता पार्वती की विदाई की रस्म अदा की गई. इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं की आंखें नम दिखीं. ढोल- नगाड़ों और धार्मिक परंपराओं के साथ माता को विदा किया गया.
मंदिर परिसर में रविवार रात से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही. पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से संपन्न कराई गईं. इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया. आयोजन ने एक बार फिर स्थानीय लोगों की अटूट श्रद्धा और आस्था को प्रदर्शित किया.

