चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत भालूरूंगी पंचायत के विभिन्न विद्यालयों में व्याप्त समस्याओं को लेकर उपमुखिया गणेश चंद्र बोदरा ने प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई है. स्थलीय निरीक्षण के बाद उन्होंने उपायुक्त, संबंधित मुखिया और प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO) को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है.

उपमुखिया ने प्राथमिक विद्यालय भालूरूंगी, मध्य विद्यालय शशिकला, प्राथमिक विद्यालय बिनका, मध्य विद्यालय महुलडीहा तथा प्राथमिक विद्यालय रेंगालबेड़ा का दौरा किया. निरीक्षण के दौरान कई गंभीर कमियां सामने आईं.

उन्होंने बताया कि अधिकांश विद्यालयों में शिक्षकों के पद रिक्त हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. स्कूलों में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही भवन और अन्य बुनियादी संसाधनों की कमी के कारण पठन-पाठन का माहौल भी बाधित है.
गणेश चंद्र बोदरा ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि शिक्षा के अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विद्यालयों में अविलंब शिक्षकों की नियुक्ति की जाए और पेयजल सहित बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं.

