सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने गुरुवार को अपने कार्यालय सभा कक्ष में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम से संबंधित लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की. इस बैठक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अनुसंधानकर्ता अधिकारी उपस्थित रहे.

समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ने लंबित मामलों की प्रगति, आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति, अनुसंधान की गुणवत्ता तथा चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया की बारीकी से जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि एससी- एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
पुलिस अधीक्षक ने अनुसंधानकर्ताओं को साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान, मेडिकल एवं फॉरेंसिक रिपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर संकलित करने का निर्देश दिया. साथ ही पीड़ितों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया को तेज करने और संवेदनशीलता के साथ मामलों की जांच करने पर जोर दिया.
उन्होंने कहा कि एससी- एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों का त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है. बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को लंबित कांडों को प्राथमिकता सूची में रखकर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया.

