सरायकेला: जिले में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने को लेकर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर मंगलवार को विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. ट्रैफिक प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में यातायात थाना की टीम ने सर्विस रोड और मुख्य मार्गों पर सघन जांच की.

अभियान के दौरान आरकेएफएल कंपनी के सामने माल लोड ट्रकों की लंबी कतार पाई गई. इसके अलावा आदित्यपुर टोल की ओर जाने वाले मार्ग तथा टोल ब्रिज से कांड्रा की दिशा में सर्विस रोड पर भी भारी वाहनों की अवैध पार्किंग मिली. सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी. ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कुल 32 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटा. सभी वाहनों से कुल 1,51,850 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
संबंधित कंपनियों और वाहन चालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि सर्विस रोड और मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा न करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें.
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी कंपनी के मालवाहक वाहन मुख्य सड़क या सर्विस रोड पर खड़े पाए गए तो संबंधित कंपनी के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

