सरायकेला/ Pramod Singh जिला के चांडिल में उत्तर प्रदेश की एक नाबालिक लड़की को बहला- फुसलाकर लाकर उससे भीख मंगवाने का मामला सामने आया है. मामले की जानकारी मिलते ही महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिक का रेस्क्यू किया और अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त शारदा प्रसाद उत्तरप्रदेश के सिंझौली, अंबेडकर नगर का निवासी है. आरोप है कि वह अपने बेटे की नाबालिक प्रेमिका को बहला- फुसलाकर अपने साथ चांडिल ले आया था. यहां वह नाबालिक को डरा- धमकाकर उससे भीख मंगवाता था.
आरोप यह भी है कि अभियुक्त ने कई बार नाबालिक के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया, हालांकि वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका. मामले की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा बाल संरक्षण विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही बाल संरक्षण पदाधिकारी ने चांडिल पहुंचकर नाबालिक का रेस्क्यू किया. इसके बाद महिला थाना सरायकेला में अभियुक्त के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
महिला थाना प्रभारी कुमारी तिलोतमा ने शुक्रवार को शारदा प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है और नाबालिक को आवश्यक संरक्षण एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है.

