चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली मौजा स्थित अपनी जमीन पर कथित रूप से जबरन और गैर-कानूनी निर्माण कराए जाने को लेकर अजीत दास ने पुलिस अधीक्षक सरायकेला- खरसावां को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

अजीत दास ने बताया कि उनकी 1.66 डिसमिल जमीन मौजा कपाली, खाता संख्या 223, प्लॉट संख्या 799/A में स्थित है, जिसे उन्होंने 19 फरवरी 1980 को निबंधित सेल डीड के माध्यम से खरीदा था. उक्त जमीन के स्वामित्व को लेकर O.T.S. No. 40/2022 मामला माननीय सिविल जज (सीनियर डिविजन-1), सरायकेला की अदालत में वर्तमान में विचाराधीन है.
उन्होंने आरोप लगाया कि मामला न्यायालय में लंबित रहने के बावजूद डॉ. नुरुज्जमा खान द्वारा उक्त जमीन पर जबरन पक्का छत ढलाई का निर्माण कार्य कराया जा रहा है. विरोध करने पर उन्हें धमकी भी दी गई है.
पीड़ित का कहना है कि संबंधित व्यक्ति दबंग प्रवृत्ति का है और राजनीतिक पहुंच के कारण नियमों की अनदेखी कर रहा है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अविलंब अवैध निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए और उनकी तथा उनकी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक के साथ-साथ पुलिस उपाधीक्षक को भी आवेदन सौंपा गया है. अजीत दास ने मुख्यमंत्री से भी हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है.

