सरायकेला: नगरपालिका (आम) निर्वाचन- 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का औचक निरीक्षण किया.


निरीक्षण के दौरान समाहरणालय भवन में संचालित निर्वाचन कोषांग, सूचना एवं विज्ञान कोषांग, व्यय कोषांग, कार्मिक कोषांग, परिवहन कोषांग और जन शिकायत कोषांग की कार्यप्रगति की समीक्षा की गई. साथ ही काशी साहू कॉलेज परिसर में स्थापित सामग्री कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग का भी जायजा लिया गया. उपायुक्त ने अभिलेख संधारण, समन्वय व्यवस्था और दायित्वों के निर्वहन की स्थिति का अवलोकन करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया.
इसके बाद समाहरणालय भवन में विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के लिए निर्धारित नामांकन स्थलों का निरीक्षण किया गया. वार्ड पार्षद, अध्यक्ष और महापौर पद हेतु नामांकन कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अभ्यर्थियों की सुविधा की समीक्षा की गई. संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह सुव्यवस्थित और निर्बाध रूप से संचालित हो.
इसी क्रम में काशी साहू कॉलेज परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया. तीनों नगर निकाय क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम, निर्वाचन सामग्री, वाहनों की उपलब्धता, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई. मतदान कर्मियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय- सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया.
मतगणना स्थल की तैयारियों का भी निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने कक्ष व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं को निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.

