सरायकेला: नगरपालिका (आम) निर्वाचन- 2026 को लेकर जिले में अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में छापामारी एवं रात्रि गश्ती अभियान संचालित किया गया.

सरायकेला- कांड्रा मार्ग पर रात्रि गश्ती के दौरान मुड़िया ग्राम के समीप संदेह के आधार पर नीले रंग का Ape डाला टेम्पो संख्या JH05DD 5720 को रोका गया. तलाशी में वाहन से दो बड़े झोलों में 54.705 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद की गई. मौके से चालक कृति कुमार साहु और सहयोगी संजय कुमार बेहरा को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया गया.
इसके अलावा गम्हरिया और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के नीमडीह, उदयपुर, बास्कोनगर और भाटिया बस्ती में भी छापेमारी की गई. इस कार्रवाई में 4 अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से 20 लीटर अवैध चुलाई शराब और 45 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई. एक अभियुक्त के पास से झारखंड में अपंजीकृत किंग्स गोल्ड ब्रांड की 60 बोतल विदेशी शराब, कुल 45 लीटर, जब्त की गई.
भाटिया बस्ती, आदित्यपुर से गिरफ्तार राजरतन मिश्रा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं टेम्पो चालक कृति कुमार साहु और संजय कुमार बेहरा को भी न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है. शेष अभियुक्तों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.

