कपाली/ Afroz Mallik नगर निकाय चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. इसी क्रम में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अफसर इमाम उर्फ छोटन के बंधुगोड़ा स्थित आवासीय कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया.

प्रेस वार्ता के दौरान अफसर इमाम ने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उन्होंने जानकारी दी कि 3 फरवरी, मंगलवार को सुबह 10 बजे वे अपने समर्थकों के साथ नामांकन के लिए चांडिल रवाना होंगे. अफसर इमाम ने कहा कि वे जनता के सहयोग और समर्थन से चुनाव मैदान में उतर रहे हैं. उन्होंने कपाली के समग्र विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो नगर क्षेत्र में साफ- सफाई, सड़क, नाली, पेयजल, रोशनी और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
इस मौके पर सरायकेला- खरसावां जिला की JLKM महिला मोर्चा की वरिष्ठ उपाध्यक्ष भानुमति महतो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचकर अफसर इमाम को अपना समर्थन देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि अफसर इमाम एक जमीनी नेता हैं और उनके नेतृत्व में कपाली का संतुलित विकास संभव है.
वहीं अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शब्बीर अंसारी ने कहा कि अफसर इमाम साफ-सुथरी छवि के प्रत्याशी हैं और कपाली की जनता को अपने घर के बेटे और भाई को एक मौका देना चाहिए.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे. समर्थकों ने आगामी चुनाव में जीत का भरोसा जताया और जोरदार समर्थन का ऐलान किया.

