सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई.

बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात सुरक्षा सुदृढ़ीकरण और सड़क अधोसंरचना सुधार से संबंधित विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.
जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने सड़क सुरक्षा से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में जिले में 18 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 14 व्यक्तियों की मृत्यु और 8 लोग घायल हुए. इसके अलावा, जिले में 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिन पर सुधारात्मक कार्यवाही प्रगति पर है. सघन जांच अभियानों के दौरान ₹22,99,050/- राशि दंड के रूप में वसूल की गई.
बैठक में उपायुक्त ने कांड्रा- चांडिल सड़क निर्माण, डोबो सड़क निर्माण और रंगामाटी- टीकर सड़क के मरम्मती कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कार्य में तेजी लाने और दुर्घटनाओं की संभावनाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
वहीं राजनगर बाईपास रोड स्थित तीतिरबिला पुलिया में उत्पन्न गैप की मरम्मती हेतु पथ निर्माण विभाग (RCD) को शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया. राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने विभागीय दिशा- निर्देशों के अनुसार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने एनएच- 32 एवं एनएच- 33 सहित सभी प्रमुख सड़कों पर रिफ्लेक्टर, बड़े साइनेज बोर्ड, हाई मास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने की अनिवार्यता बताई. सभी थाना प्रभारियों को नियमित वाहन जांच, नशे की हालत में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
साथ ही “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने और अवैध पार्किंग पर निगरानी बनाए रखने के लिए कहा गया.
उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है.
नागरिकों से अपील की गई कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.
अंत में उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित योजनाओं और दिशा- निर्देशों के क्रियान्वयन में पूर्ण तत्परता, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में उल्लेखनीय कमी लाई जा सके.
बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त (आदित्यपुर) रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), मोटरयान निरीक्षक, सभी अंचल अधिकारी, सभी थाना प्रभारी, NHAI अधिकारी, JARDCL अधिकारी, सभी संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता और अन्य समिति सदस्य उपस्थित थे.

