सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने नगर निकाय चुनाव में नए मतदाताओं को मतदान का अधिकार दिलाने की मांग को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 की मतदाता सूची के आधार पर नगर निकाय चुनाव कराना नए मतदाताओं के साथ सीधा अन्याय होगा.

मनोज चौधरी ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा मतदाता पहली बार मतदान करने के लिए उत्साहित हैं, लेकिन उन्हें मताधिकार से वंचित करना लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है. उन्होंने कहा कि यह कदम युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आस्था को कमजोर करने वाला होगा.
पूर्व उपाध्यक्ष ने राज्य निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि मतदाता सूची का अद्यतन कर नए मतदाताओं को मतदान का अधिकार सुनिश्चित किया जाए, ताकि निष्पक्ष और समावेशी चुनाव संपन्न हो सके. उन्होंने यह भी बताया कि इस पत्र की प्रतिलिपि भारत सरकार के मुख्य निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली को भी भेजी गई है.
मनोज चौधरी ने उम्मीद जताई कि निर्वाचन आयोग लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए नए मतदाताओं के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा.

