बोकारो: जिले के महुआटांड़ थाना क्षेत्र में एक बार फिर हाथियों का कहर देखने को मिला है. रविवार देर शाम गोमिया प्रखंड के कंडेर अंतर्गत सिमराबेड़ा महतो टोला के पास मुख्य सड़क पर हाथियों ने ओमनी कार से जा रहे एक व्यक्ति पर हमला कर उसकी जान ले ली.

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में भय व्याप्त है. मृतक की पहचान रामगढ़ निवासी रवींद्र दांगी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रवींद्र दांगी गोमिया के कंडेर स्थित परसाबेड़ा में लीज पर जमीन लेकर खेती करता था और रोज सब्जी बेचने रामगढ़ जाया करता था.
रविवार की शाम भी वह सब्जी बेचकर अपनी ओमनी कार से कंडेर लौट रहा था. इसी दौरान सिमराबेड़ा महतो टोला के पास मुख्य सड़क पर हाथियों का झुंड मौजूद था. जैसे ही उसकी कार हाथियों के नजदीक पहुंची, हाथियों ने अचानक हमला कर दिया.
हाथियों ने ओमनी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया और सूंड से रवींद्र दांगी को कार से बाहर खींच लिया. इसके बाद उसे खेत की ओर ले जाकर बेरहमी से कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिमराबेड़ा गांव के कुछ लोगों ने पहले ही रवींद्र दांगी को आगे जाने से रोका था और हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दी थी. लेकिन उसने लोगों की बातों को नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ने का फैसला किया.
कुछ ही देर में यह हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस को अवगत कराया गया.
इलाके में हाथियों की सक्रियता को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है.
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने वन विभाग की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

