सरायकेला: भाजपा समर्थक बताए जा रहे एक कार्यकर्ता का फेसबुक पोस्ट इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने ही दल के नेताओं और संगठनात्मक व्यवस्था पर तीखा कटाक्ष किया है. पोस्ट में कार्यक्रम आयोजन को लेकर अंदरूनी गुटबाजी और परिवारवाद की राजनीति पर जमकर तंज कसा गया है.


वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि आरआईटी मंडल में आयोजित एक कार्यक्रम पूरी तरह एक ही परिवार के इर्द-गिर्द सिमट कर रह गया. मंच, माइक, कुर्सी, फूल-माला, गमछा, शॉल, स्वागत और यहां तक कि फोटोग्राफर तक एक ही व्यक्ति विशेष के बताए गए, जिसे पोस्ट में व्यंग्यात्मक अंदाज में ‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ कहा गया है.
पोस्ट के अनुसार कार्यक्रम में संगठन के कई पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं को मंच पर स्थान नहीं दिया गया, जिनमें मंडल के संस्थापक अध्यक्ष और युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तक शामिल बताए गए हैं. आरोप लगाया गया है कि कुछ ऐसे लोग मंच पर नजर आए, जिन्होंने पूर्व में सार्वजनिक रूप से पार्टी नेताओं के खिलाफ बयान दिए थे और पिछले चुनाव में विरोधी दल के लिए काम किया था.
फेसबुक पोस्ट में यह भी कहा गया है कि यह स्वागत कार्यक्रम कम और नगर निगम की तैयारी अधिक नजर आ रही थी. लेखक ने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी संगठन की बजाय परिवारवाद की राजनीति को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे जमीनी कार्यकर्ताओं में असंतोष गहराता जा रहा है.
पोस्ट के अंत में चेतावनी भरे लहजे में कहा गया है कि आने वाले दिनों में वार्ड 28 के जामुन पेड़ मैदान को मंडल मुख्यालय या नया मंडल घोषित किए जाने की सुगबुगाहट है. साथ ही पार्टी नेतृत्व से अपील की गई है कि समय रहते इस पूरे मामले पर मंथन किया जाए, ताकि संगठन को नुकसान से बचाया जा सके.
वायरल पोस्ट ने भाजपा के अंदरूनी हालात पर सवाल खड़े कर दिए हैं और इसे संगठन के भीतर दबे असंतोष की खुली अभिव्यक्ति के रूप में देखा जा रहा है.

