मधुपुर/ Md Aslam.

लायंस क्लब ऑफ मधुपुर द्वारा समाजसेवा की भावना को साकार करते हुए एक सराहनीय और प्रेरणादायी सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर लायन मनोज डालमिया एवं लायन नीलम डालमिया ने अपने पूज्य माता- पिता की स्मृति में मानव सेवा के संकल्प के साथ जरूरतमंद लोगों के बीच शॉल का वितरण किया. यह कार्यक्रम समाज के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और दायित्वबोध का प्रतीक बनकर सामने आया.
कड़ाके की ठंड को देखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद, वंचित और असहाय वर्ग को शीत से राहत प्रदान करना रहा, ताकि ठंड के इस कठिन समय में उन्हें कुछ सहारा मिल सके. शॉल वितरण कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न हुआ.
प्रथम चरण में शहर के 52 बीघा रोड स्थित रामकृष्ण विवेकानंद मठ में जरूरतमंद बच्चों और कर्मचारियों के बीच लगभग 26 शॉलों का वितरण किया गया. वहीं दूसरे चरण में बुलाहट फाउंडेशन, पसिया में बच्चों और वहां कार्यरत कर्मचारियों के बीच करीब 24 शॉल वितरित किए गए. शॉल पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर आई मुस्कान इस सेवा कार्य की सार्थकता को स्पष्ट रूप से दर्शा रही थी.
इस अवसर पर लायन मनोज डालमिया ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है. उन्होंने कहा कि अपने माता-पिता की स्मृति में किया गया यह सेवा कार्य उनके द्वारा दिए गए संस्कारों और मूल्यों को आगे बढ़ाने का एक विनम्र प्रयास है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लायंस क्लब ऑफ मधुपुर के अध्यक्ष लायन प्रेम पाठक ने कहा कि लायंस क्लब अपने आदर्श वाक्य “We Serve” को आत्मसात करते हुए हमेशा सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है. उन्होंने इस पहल के लिए लायन मनोज डालमिया और लायन नीलम डालमिया की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और कहा कि ऐसे प्रयास अन्य सदस्यों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हैं.
इस अवसर पर क्लब के उपाध्यक्ष लायन सुमंत गुटगुटिया, सचिव लायन विजय आनंद लछिरामका, सह-सचिव लायन राजेश तिवारी, कोषाध्यक्ष लायन रामानुज मिश्रा सहित लायन बिनोद लछिरामका, लायन सुवेंदु दा, लायन मनीषा डालमिया, लायन राधिका टिबरेवाल और लायन आँचल मोदी उपस्थित थे. सभी सदस्यों ने सेवा भाव के साथ सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया.
लायंस क्लब ऑफ मधुपुर ने यह संदेश दिया कि वह भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा.

