मधुपुर/ Md. असलम राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के तहत मधुपुर थाना परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को गुरुवार को पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी संतोष कुमार गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह जागरूकता रथ देवघर जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग के सौजन्य से निकाला गया है, जो पूरे जनवरी माह तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा.

जागरूकता रथ पर “सीख से सुरक्षा”, “टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” और “सड़क सुरक्षा सबका कर्तव्य” जैसे प्रेरक स्लोगन लिखे बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं.
रथ के माध्यम से सुरक्षित यात्रा और जीवन सुरक्षा का संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है. मधुपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर यह रथ लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करेगा.
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है, वहीं कार चालकों को सीट बेल्ट का उपयोग करना चाहिए. इसके साथ ही गति सीमा का पालन, रेस ड्राइविंग से परहेज और सभी यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक बताया गया.
रथ के जरिए इन नियमों की जानकारी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाई जा रही है. अधिकारियों ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार के निर्देश पर 1 जनवरी से 30 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है. इस दौरान लोगों को सड़क पर सुरक्षित चलने, दुर्घटनाओं से बचाव और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए जागरूक किया जा रहा है. साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही सड़क दुर्घटना मुआवजा योजना की जानकारी भी दी गई.
योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को मुआवजा दिया जाता है, जबकि दुर्घटना में मृत्यु होने पर परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है. इसके अलावा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को भी सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि दी जाती है और उसे पुलिस की औपचारिकताओं से दूर रखा जाता है.
सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ के माध्यम से जिले भर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यात्रा की संस्कृति को बढ़ावा दिया जा सके.

