सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौका थाना क्षेत्र के मुटुदा गांव में सोमवार को चौका थाना, SSB मतकमडीह और SSB रायजामा की संयुक्त टीम ने अफीम की अवैध खेती के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. इस अभियान में भौतिक निरीक्षण के साथ- साथ ड्रोन निगरानी का भी उपयोग किया गया, जिससे पूरी स्थिति की सटीक जानकारी जुटाई जा सकी.

सत्यापन में पाया गया कि कुछ खेतों में सरसों, मटर, आलू और चना की खेती की गई है, जबकि अधिकांश भूमि परती पाई गई. पुलिस और सशस्त्र बलों ने इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों को अफीम के दुष्प्रभाव और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी और उन्हें वैकल्पिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया.

ग्रामीणों को चना, मटर और सरसों के बीज वितरित किए गए, ताकि अफीम की जगह लाभकारी और सुरक्षित फसलों की खेती की जा सके. साथ ही, सामुदायिक पुलिसिंग और सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत करीब 100 जरूरतमंद लोगों को कंबल और बच्चों को पुस्तक, कलम और चॉकलेट प्रदान किए गए.
चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि यह अभियान सिर्फ अफीम उन्मूलन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य ग्रामीणों में सकारात्मक सोच, वैकल्पिक आय और शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना भी है. पुलिस और सशस्त्र बलों की यह पहल स्थानीय समाज में एक सशक्त संदेश छोड़ने में कामयाब रही कि अवैध नशे और खेती के खिलाफ प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्यरत है.
Video

