मधुपुर/ Md Aslam

बुढ़ी बगीचा गांव में बिजली विभाग के कर्मचारियों पर हुए हमले के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से विभागीय कर्मियों में भारी आक्रोश व्याप्त है. इस घटना को लेकर बिजली विभाग की ओर से 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ मधुपुर थाना में कांड संख्या 200/25 दर्ज कराया गया था, लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी.
बिजली विभाग के मिस्त्रियों और कर्मचारियों का कहना है कि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहा है. कर्मचारी स्पष्ट कर चुके हैं कि यदि शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे बाध्य होकर बिजली आपूर्ति बंद करने जैसे कदम उठाने पर मजबूर होंगे. इस स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन पर होगी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए अधीक्षण अभियंता, देवघर बिजली विभाग ने सोमवार को एसपी, देवघर से बातचीत की. इस दौरान एसपी देवघर ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया.
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन से सकारात्मक संकेत मिले हैं और उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. बिजलीकर्मियों ने दो टूक कहा कि यदि प्रशासन अपने आश्वासन पर अमल नहीं करता है और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होती, तो वे आगे की रणनीति तय करने को मजबूर होंगे.
मौके पर विधुत कार्यपालक अभियंता रोहित मांझी, मोहम्मद शाहिद, बासुदेव यादव, उदय यादव, अजय कुमार उर्फ मुनमुन नंदी, टिंकु यादव, मोहम्मद जमील, बबलु कुमार समेत दर्जनों विधुत कर्मी उपस्थित थे.

