जमशेदपुर: मानगो थाना पुलिस ने हथियार के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया है. यह कार्रवाई रविवार की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई. मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

एसएसपी पियूष पांडे ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एनएच-33 स्थित सरोवर हिल्स होटल के आसपास कुछ अपराधी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही सिटी एसपी की निगरानी में हेडक्वार्टर डीएसपी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. त्वरित कार्रवाई करते हुए मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर स्थित होटल सरोवर हिल्स के पास से तीन संदिग्धों को धर दबोचा गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानिश हुसैन (20), राशिद अंसारी (25) एवं गुलाम खान उर्फ तन्नी (19) की गई है. तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक देशी निर्मित कट्टा, एक 9 एमएम का जिंदा कारतूस, एक बड़ा धारदार चाकू और एक काले रंग की एवेंजर मोटरसाइकिल संख्या JH05CP-1152 बरामद की है.
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि तीन- चार दिन पूर्व कपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामू होटल के पास नशे की हालत में सिगरेट पीने को लेकर विरोधी पक्ष के साथ उनकी हाथापाई हुई थी. इसी रंजिश के चलते वे बदले की कार्रवाई करने के उद्देश्य से सरोवर हिल्स होटल के पास घात लगाकर बैठे थे. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल गुलाम खान उर्फ तन्नी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वह पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है. उसके खिलाफ चांडिल (कपाली ओपी) थाना कांड संख्या 15/25, दिनांक 28 जनवरी 2025, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज है.
इस छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक भोला प्रसाद सिंह, मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद, सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे. पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.

