चाईबासा/ Jayant Pramanik पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात युवती के शव मामले का खुलासा करते हुए हत्या में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आपको बता दें कि बीते 30 दिसंबर को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगीदारु जंगल के समीप एक खेत से पुलिस ने पुआल से ढका अर्द्धनग्न अवस्था में करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव बरामद किया था.

इस मामले में खेत मालिक जय किशन होनहागा के लिखित आवेदन पर मुफ्फसिल थाना में अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रधान पुरती उर्फ पल्टु को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या किए जाने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है. साथ ही अभियुक्त की निशानदेही पर जोगीदारु जंगल क्षेत्र से मृतका की लाल रंग की स्कूटी भी जब्त की गई है.
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को खेत में पुआल से ढक दिया था. फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

