जामताड़ा/ Yogesh Kumar राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के जामताड़ा आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया. जामताड़ा जिला बॉर्डर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल का अभिनंदन किया और उनकी अगवानी की.

इसके उपरांत जामताड़ा परिसदन पहुंचने पर जिला प्रशासन द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया. इस दौरान राज्यपाल ने उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक से जिले की विधि-व्यवस्था की स्थिति, प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली.
राज्यपाल ने विकास कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
राज्यपाल ने कानून- व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि जिले में विकास और सुशासन को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए. इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे. पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण गरिमामय और सौहार्दपूर्ण बना रहा.

