जामताड़ा/ Manish Baranwal नव वर्ष के पहले दिन जिलेवासियों की सुख- समृद्धि और मंगलकामना को लेकर जामताड़ा श्याम मंदिर कमेटी की ओर से भव्य श्याम निशान यात्रा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर श्याम मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ बाबा श्याम के सैकड़ों अनन्य भक्त शोभायात्रा में शामिल हुए.

नव वर्ष की पहली किरण के साथ हटिया शिव मंदिर से प्रभु श्याम की निशान यात्रा का शुभारंभ किया गया.
यात्रा में सबसे आगे श्याम भगवान का रथ था, जिसके पीछे भक्ति धुनों पर झूमते-थिरकते सैकड़ों श्रद्धालु चल रहे थे. साल के पहले दिन यह भव्य यात्रा पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण में बदलती नजर आई.
निशान यात्रा हटिया शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, माता चंचला मंदिर चौक होते हुए श्याम मंदिर तक पहुंची. यात्रा के दौरान श्याम प्रभु के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा. श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुभाष जाटिया ने बताया कि प्रभु श्याम की असीम कृपा जिलेवासियों पर सदैव बनी रहे. प्रभु सभी को सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें. नए वर्ष की शुरुआत सभी के जीवन में खुशियां और उन्नति लेकर आए, इन्हीं मंगल भावनाओं के साथ यह भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई.
यात्रा में हाथों में निशान पताका लिए सैकड़ों महिला श्रद्धालु, बच्चे, युवा और बुजुर्ग उत्साह के साथ शामिल हुए. भक्ति गीतों की धुन पर झूमते युवाओं की टोलियों में विशेष जोश और उमंग देखने को मिली.

