चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ प्रखंड अंतर्गत गोलमुंडा पंचायत के धोलाबनी गांव में रविवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया. बैठक शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और अनुशासित माहौल में संपन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से श्री जगन्नाथ महली को नया ग्राम मुंडा चुना गया.

ग्राम सभा में मौजूद ग्रामीणों ने इस चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि जगन्नाथ महली के नेतृत्व में गांव के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी. ग्रामीणों का विश्वास है कि वे आदिवासी समाज के पारंपरिक अधिकारों की रक्षा करते हुए सरकारी योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएंगे.
चयन के बाद नवनियुक्त ग्राम मुंडा जगन्नाथ महली ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्वयं को किसी पद का अधिकारी नहीं, बल्कि गांव का सेवक मानते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि संविधान की पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून के तहत कार्य करते हुए जल, जंगल, जमीन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे.
उन्होंने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ग्राम सभा को और अधिक सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता जताई. ग्राम सभा का समापन आपसी भाईचारे और एकता के संकल्प के साथ किया गया.
इस अवसर पर मुखिया संजीव कुमार कंडियांग, उपमुखिया राजू बेसरा, सहिया सोनामनी महली, जल सहिया पुनी धोबा, शिक्षक दशरथ महतो, डाकूवा दीपक महली, अभिमन्यु महली, नागेश्वर महली, अजय महली, भागीरथी महली, अनुज महली, दिलीप महली, राजेश महली, सावन महली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

