चाईबासा: जिले के मनोहरपुर- चिड़िया मुख्य सड़क मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा मनोहरपुर थाना क्षेत्र के कमारबेड़ा गांव के समीप तीखे मोड़ पर हुआ. प्राप्त जानकारी के अनुसार एक मोटरसाइकिल के सामने अचानक एक मवेशी आ गया.

मवेशी को बचाने के प्रयास में बाइक सवार संतुलन खो बैठा, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया. बताया गया कि दोनों युवक बाइक से अपने गांव उरकिया से चिड़िया की ओर जा रहे थे. घायलों की पहचान मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उरकिया उरांव टोला निवासी 25 वर्षीय विलियम केरकेट्टा और 24 वर्षीय पत्रस केरकेट्टा के रूप में की गई है. स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से घायलों को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. सूचना मिलते ही मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

