चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को क्रिसमस पर्व बड़े धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. इससे पूर्व सोनुआ स्थित जीईएल चर्च में बुधवार मध्य रात्रि विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोगों ने भाग लिया.

विशेष प्रार्थना सभा के दौरान धर्म प्रचारक धर्म प्रकाश लुगुन ने क्षेत्र सहित पूरे देश और विश्व में शांति, भाईचारे और सद्भाव की कामना की. प्रार्थना सभा के बाद चर्च परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा.
गुरुवार सुबह चर्च परिसर में ईसाई समुदाय के लोगों ने पारंपरिक नृत्य कर प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की खुशी साझा की. नृत्य, गीत और आपसी मेलजोल के माध्यम से क्रिसमस की खुशियां मनाई गईं. क्रिसमस पर्व के अवसर पर सोनुआ क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला. लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और प्रेम, शांति और मानवता के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया.

