चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड के मदांग जाहिर ग्राम निवासी भुवनेश कुमार प्रधान का चयन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2026’ के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है. यह कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी, 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें देश भर से युवा नेता विभिन्न विषयगत ट्रैक्स के अंतर्गत अपने विचार साझा करेंगे.

इस राष्ट्रीय- स्तरीय आयोजन का उद्देश्य युवाओं को ‘विकसित भारत @2047’ की परिकल्पना में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करना तथा नीति- निर्माण और नेतृत्व संवाद से जोड़ना है. भुवनेश का चयन “महिला-नेतृत्व आधारित विकास: विकसित भारत की कुंजी” विषयक ट्रैक के अंतर्गत हुआ है.
चयन प्रक्रिया बहु- स्तरीय रही, जिसमें राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता, लेखन, प्रस्तुतीकरण और राज्य- स्तरीय मूल्यांकन शामिल थे. भुवनेश वर्तमान में झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में पीएचडी शोधार्थी हैं और हिंदी साहित्य के शोधार्थी होने के साथ- साथ सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर गंभीर दृष्टि रखते हैं. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और शिक्षकों को दिया.

