देवघर/ Md Aslam

मधुपुर नगर परिषद ने नगर प्रशासक सुरेंद्र किस्कु के निर्देश पर सोमवार को शहरी क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया. इस अभियान के तहत कंप्रेसर मशीन की सहायता से सड़कों, नालियों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई की जा रही है, ताकि धूल-मिट्टी और जमे हुए कचरे को प्रभावी ढंग से हटाया जा सके.
कंप्रेसर मशीन के माध्यम से उन स्थानों की भी सफाई की जा रही है, जहां सामान्य उपकरणों से पहुंचना कठिन होता है. इससे सफाई की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और शहर की सूरत निखर रही है.

नगर प्रशासक सुरेंद्र किस्कु ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंके, प्लास्टिक का सीमित उपयोग करें और स्वच्छता अभियानों में सहयोग दें.
नगर परिषद के अधिकारी और सफाईकर्मी विभिन्न वार्डों में अभियान चला रहे हैं. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे स्वच्छ मधुपुर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष सफाई अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखा जा सके.

