कांड्रा/ Bipin Varshney सरायकेला- खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पदमपुर में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद आक्रोश फैल गया. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार शाम शव के साथ टाटा- सरायकेला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. जाम पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर किया गया.

मिली जानकारी के अनुसार बीते 11 दिसंबर को शेन इंटरनेशनल स्कूल के पास पदमपुर निवासी सूजान टुडू सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.

मृतक के बेटे मंगल टुडू, जो भारतीय सेना में कार्यरत हैं, ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद वह छुट्टी लेकर घर आए थे और अपने पिता के इलाज में जुटे थे. उन्होंने कांड्रा थाना पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के बाद दिए गए आवेदन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना में शामिल वाहन संख्या JH 05DV 4785 को भी छोड़ दिया गया, जिससे उनमें भारी नाराजगी है.
सड़क जाम के कारण टाटा- सरायकेला मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. सूचना मिलने पर कांड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.

बाद में पदमपुर के ग्राम प्रधान कृष्णा बास्के, कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने मृतक के बेटे मंगल टुडू एवं अन्य परिजनों से वार्ता की. पुलिस द्वारा दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त करने और आगे की कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद परिजनों ने सड़क से शव हटाया. इसके पश्चात पुलिस ने यातायात को पुनः सुचारू कराया.

