गिरिडीह: जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बनहती गांव के पास रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 17 वर्षीय कुंदन तुरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सागर कुमार (16 वर्ष) और सुमित तुरी (15 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गिरिडीह से अपने घर बारसोली लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुंदन तुरी को मृत घोषित कर दिया. घायल सागर कुमार, पिता मिंटू तुरी, और सुमित तुरी का इलाज अस्पताल में चल रहा है. तीनों युवक बेंगाबाद थाना क्षेत्र के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है.

