लोहरदगा: जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता दर्ज की है. पुलिस ने भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य और एक लाख रुपये के इनामी नक्सली राजन असुर उर्फ राजन खेरवार को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार नक्सली कुख्यात 15 लाख के इनामी माओवादी रविंद्र गंझू दस्ता का सदस्य बताया जा रहा है. उसके पास से एक देशी कट्टा और 8 एमएम के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.

लोहरदगा के एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक इनामी माओवादी अवैध हथियार के साथ संगठन के विस्तार के उद्देश्य से कुडू थाना क्षेत्र में सक्रिय है. सूचना की पुष्टि के बाद विशेष टीम का गठन कर इलाके में घेराबंदी की गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नक्सली पर कई थाना क्षेत्रों में अपराध दर्ज हैं और वह लंबे समय से वांछित था. वह संगठन के लिए हथियारों की आपूर्ति, नए सदस्यों की भर्ती और गतिविधियों के विस्तार में शामिल रहा है. एसपी ने कहा कि इस गिरफ्तारी से जिले में माओवादी गतिविधियों पर बड़ा अंकुश लगेगा और आगे भी अभियान तेज गति से जारी रहेगा.
इस कार्रवाई से इलाके के लोगों में राहत का माहौल है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि नक्सल उन्मूलन अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके.

