आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai औद्योगिक क्षेत्र स्थित रामकृष्ण फोर्जिंग कास्टिंग लिमिटेड कंपनी, जिसका पूर्ववर्ती नाम जेएमटी ऑटो प्लांट-02 था, में रविवार को पहली बार रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. एमजीएम ब्लड बैंक और सरायकेला सदर अस्पताल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 336 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया. जबकि आयोजन के लिए 250 यूनिट का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन उत्साहजनक सहभागिता से लक्ष्य से अधिक रक्त संग्रहीत हुआ.

प्लांट के सीएचएस हेड संजय कुमार ने बताया कि शिविर में एकत्रित रक्त को कंपनी के कामगारों के साथ- साथ स्थानीय जरूरतमंद लोगों तक उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि कंपनी समय- समय पर सामाजिक दायित्व से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती है और आगे भी ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे. इस अवसर पर कंपनी प्रबंधन, कर्मचारी और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही.

