आदित्यपुर: नगर निगम की विजिलेंस टीम और सिटी मैनेजरो की अनदेखी का खामियाजा थाना रोड के दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है. दरअसल थाना रोड में स्थित एकमात्र सामुदायिक शौचालय पर सुनीता कुमारी उर्फ़ पुटकी ने कब्जा जमा लिया है. जिससे बाजार के दुकानदारों खास कर महिला सब्जी विक्रेताओं को शौच के लिए इधर- उधर भटकना पड़ता है. मजबूरन वे पीएचडी कार्यालय कैंपस में शौच के लिए जाने को मजबूर हैं.

कई बार बाजार के लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम और बाजार मास्टर से की मगर पुटकी के दबंगई के आगे सभी लाचार और बेबस हैं. बीते 23 सितंबर को थाना रोड के दुकानदारों ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंपा है मगर इस दिशा में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.

डीसी को सौंपा गया ज्ञापन
इधर दिनोदिन पुटकी का आतंक बढ़ता ही जा रहा है. उसके आतंक से कोई सामुदायिक शौचालय की ओर जाना नहीं चाहता. नतीजतन शौचालय को पुटकी ने अपना गोदाम बना लिया है. और इसका व्यावसायिक प्रयोग कर रही है. वैसे थाना रोड पर अवैध रूप से हुए अतिक्रमण के विरोध में नगर निगम प्रशासन ने चुप्पी साध ली है. नेताओं की राजनीति और दबंगों की दुकानदारी ने थाना रोड के वजूद को समाप्त कर दिया है.

