चाईबासा/ Jayant Pramanik बीजेपी प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर चाईबासा में हुई पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कमेटी की ओर से पोस्ट ऑफिस चौक पर पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया गया. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए.

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई और पूर्व प्रत्याशी जेवी तुविद ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि “शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे ग्रामीणों पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज अमानवीय और लोकतंत्र की आत्मा के खिलाफ है.”
नेताओं ने दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि “जनता की आवाज को दबाने की यह कोशिश सफल नहीं होगी. जब तक ग्रामीणों की मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा.” उन्होंने सभी निर्दोष आंदोलनकारियों की रिहाई और दोषी पुलिसकर्मियों पर न्यायिक जांच की मांग की.
पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि सरकार जनता के धैर्य की परीक्षा लेना बंद करे, वरना कोल्हान की जनता निर्णायक जवाब देगी. वहीं, जेवी. तुविद ने कहा कि यह संघर्ष जनता के सम्मान और अधिकार की रक्षा का है, जिसे भाजपा पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ाएगी.
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संजय पांडे, प्रताप कटियार महतो, गीता बालमुचू, रामानुज शर्मा, हेमंत केसरी, चंदन झा, पवन शर्मा, राकेश पोद्दार, दिलीप साहू, रवि शर्मा, अनंत सयनम, देबू दास, रूपा दास, हेमंती विश्वकर्मा, द्वारिका शर्मा, पंकज सिंह, तरुण सवैया, जय किशन बिरुली, सुखलाल कुंकल, बिपिन चंद्र लागुरी, रानी बंदिया, पंकज खिरवार, जगदीश निषाद और रवि शंकर विश्वकर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे.
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और कहा कि प्रशासन की दमनकारी नीति को जनता अब और बर्दाश्त नहीं करेगी. अंत में भाजपा जिला कमेटी ने घोषणा की कि कल 29 अक्टूबर को संपूर्ण कोल्हान बंद रहेगा. साथ ही, दूध, समाचार पत्र वितरण और मेडिकल सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठान बंद से मुक्त रखे गए हैं ताकि जनता को असुविधा न हो. नेताओं ने कहा कि “यह आंदोलन जनता के न्याय, अधिकार और सम्मान की लड़ाई है, जो पूर्णतः शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा.

