जमशेदपुर: पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुख्यात अपराधी अमरीक सिंह उर्फ रिकू समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. रविवार को सिटी एसपी कुमार शिव आशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई की जानकारी दी.

पहला मामला गोलमुरी थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी अमरीक सिंह उर्फ रिकू को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक मैगजीन लगा हुआ देशी पिस्टल, एक 7.65 एमएम का खोखा और एक उजले रंग की स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH 05 CN 1393) बरामद किया है. सिटी एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई गोलमुरी थाना कांड संख्या 152/25, दिनांक 24 अक्टूबर 2025 के तहत की गई है.
पुलिस ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उस पर गोलमुरी थाना में हत्या का प्रयास, धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आया और किन घटनाओं में इसका इस्तेमाल किया गया है. जांच जारी है.
दूसरा मामला जुगसलाई थाना क्षेत्र का है. सिटी एसपी ने बताया कि बीती देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को दो अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई शनिवार रात करीब 2:20 बजे खरकई नदी रेलवे ब्रिज के पास की गई.
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन अज्ञात युवक हथियार के साथ किसी अप्रिय वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि ये तीनों युवक जुगसलाई थाना क्षेत्र में 24 अक्टूबर 2025 को जफर अली उर्फ मुर्गा राजू पर गोली चलाने की घटना में शामिल थे. इस मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 112/25 दर्ज की गई थी.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हयात अहमद (19 वर्ष), मोइनुद्दीन (18 वर्ष) और शाकिब हुसैन (18 वर्ष) के रूप में हुई है. सभी शास्त्रीनगर और रानीकुदर इलाके के निवासी हैं. पुलिस ने इनके पास से दो स्वचालित पिस्टल (7.65 एमएम), एक मैगजीन का स्प्रिंग, तीन खाली खोखे और एक पिलेट बरामद किया है.
सिटी एसपी कुमार शिव आशीष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है. बरामद हथियारों के स्रोत और इनसे जुड़ी अन्य आपराधिक घटनाओं की जांच की जा रही है. पुलिस टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

