सिवान: बिहार विधानसभा चुनाव के बीच सिवान जिले से बड़ी खबर सामने आई है. दरौली विधानसभा क्षेत्र के माले विधायक सत्यदेव राम को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी उस समय की गई जब वे समाहरणालय से नामांकन पत्र दाखिल कर बाहर निकल रहे थे. सिवान नगर थाना की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर नगर थाना ले गई.

सूत्रों के अनुसार, यह मामला करीब 20 साल पुराना है. 2005 के दौरान रेलवे ट्रैक जाम और हंगामा करने के एक पुराने प्रकरण में पुलिस ने यह कार्रवाई की है. पुलिस का कहना है कि विधायक के खिलाफ लंबित वारंट था, जिसके तहत गिरफ्तारी की गई है.
गिरफ्तारी के बाद विधायक सत्यदेव राम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें पहले किसी भी मामले की जानकारी नहीं दी गई थी. उन्होंने कहा —
“यह गिरफ्तारी चुनावी साजिश है. हमारे प्रतिद्वंद्वी हताश हो चुके हैं. बॉल को जितना पटकिएगा, उतना ही उछाल मारेगा. अगर उन्हें लड़ना ही है तो मैदान में आकर लड़ें. जनता फैसला करेगी.”
विधायक की गिरफ्तारी के बाद दरौली विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल मच गई है. माले समर्थक इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रहे हैं, जबकि प्रशासन का कहना है कि यह एक कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई कार्रवाई है.

