छपरा: सारण जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक अविवाहित महिला से उसका नवजात बच्चा छीनकर बेचने की साजिश रची गई थी. जनता बाजार थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नवजात को सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया है. इस कार्रवाई की चारों ओर सराहना हो रही है.

घटना सारण जिले के जनता बाजार थाना क्षेत्र की है. पीड़िता वेदिका ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ग्राम भाटोलिया निवासी और संगम ऑर्केस्ट्रा पार्टी का संचालक हरिकिशोर प्रसाद तथा उसका भाई उपेंद्र सिंह जो फर्जी ‘मां दुर्गा नर्सिंग होम’ चलाते हैं ने उसका प्रसव कराया और नवजात को जबरन छीनकर बेच दिया.
वेदिका के अनुसार, आरोपियों ने शिशु के जन्म के बाद अधिक पैसों की मांग की, और असहमति जताने पर नवजात को अपने साथी सोनू गिरी (निवासी रसूलपुर, थाना दरौंदा, जिला सिवान) की मदद से ₹5 लाख में बेच दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने एक विशेष टीम का गठन किया. पुलिस ने पहले हरिकिशोर प्रसाद को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने पूरा नेटवर्क उजागर कर दिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली और गुजरात पुलिस की मदद से सोनू गिरी को वडोदरा से गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी की जानकारी के आधार पर पुलिस ने सिवान जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उकाई गांव में छापेमारी की और नवजात को बरामद कर मां से मिलवा दिया. फिलहाल, इस संगठित मानव तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
इस मानवीय मिशन में जनता बाजार थाना, एएचटीयू टीम, जिला सूचना इकाई, मिशन मुक्ति फाउंडेशन और रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली की सक्रिय भूमिका रही. पुलिस की इस संवेदनशील कार्रवाई की जिलेभर में सराहना की जा रही है.

