सरायकेला/ Bipin Varshney कांड्रा- सरायकेला मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात कोलाबिरा स्थित फ्लिटगार्ड कंपनी के समीप एक सूमो वाहन (संख्या WB 52AL 6577) खड़े ट्रेलर (संख्या JH 05DU 1046) से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.

स्थानीय लोगों ने जब वाहन के भीतर झांका तो उसमें सात मवेशी लदे मिले, जिनमें एक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूमो में मवेशियों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था.

घटना के बाद सूमो सवार अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त सूमो को जब्त कर लिया. पुलिस ने जीवित मवेशियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. वाहन मालिक और फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है.

