आरा: बिहार के भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहिरो गांव में गुरुवार की शाम मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. गाली- गलौज के विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त को गोली मार दी. दो गोलियां लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के वी- मार्ट मोहल्ला निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. उसी रंजिश के चलते गुरुवार को आरोपी युवक ने नीतीश को बहिरो मोहल्ले में बुलाया और बातचीत के दौरान दो राउंड फायर कर दिया.
गोली लगते ही नीतीश जमीन पर गिर पड़ा. उसके दोस्तों ने तुरंत उसे उठाकर आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया. डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत पहले से बेहतर है.
घटना की जानकारी मिलते ही नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं. आरोपी फिलहाल फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है.

