आदित्यपुर: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एमपी टावर के समीप बने वॉच टावर से लगातार निगरानी की जा रही है. जिला प्रशासन और शांति समिति के सदस्य 24 घंटे वॉच टावर पर अपनी सेवा दे रहे हैं. सोमवार को महाअष्टमी और सप्तमी के मौके पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैनाती की है.

इसी क्रम में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने वॉच टावर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने मौजूद अधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहें और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखें.
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं शांति समिति के सदस्य पुरेंद्र नारायण सिंह, डॉ सर्वानी घोष, रविंद्र नाथ चौबे, अधिवक्ता संजय कुमार, रेड क्रॉस के सचिव दयाशंकर मिश्र सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे. उपायुक्त ने वॉच टावर की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.

