धनबाद: बीसीसीएल के मुनीडीह क्षेत्र में संचालित इंदू नामक आउटसोर्सिंग कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट गोपाल रेड्डी को गोली मारी गई है. मुनीडीह ओपी क्षेत्र के काली मंदिर के समीप गोपाल रेड्डी की कार पर अपराधियों ने फायरिंग की. इस दौरान एक गोली उनके कार के अगले हिस्से में लगी, जबकि दूसरी गोली कार के पिछले दरवाजे को छेदते हुए उनकी जांघ में लगी. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गया.

घटना के बाद गोपाल रेड्डी को इलाज के लिए असर्फी अस्पताल में ले जाया गया. घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार की सुबह गोपाल रेड्डी मुनीडीह काली मंदिर में पूजा करने के लिए गए थे. पूजा कर वे मंदिर से बाहर निकले और अपनी कार संख्या जेएच10डी- 7785 की पिछली सीट पर सवार होकर घर के लिए निकले थे, तभी हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार एक 25 वर्षीय युवक ने उन पर गोली चला दी. पहली गोली कार के अगले हिस्से में लगी और वहीं फंस गई, जबकि दूसरी गोली उनकी जांघ में लगी. गोली चलते ही कार चालक उन्हें लेकर उनके आवास पर पहुंचा. यहां से उन्हें एंबुलेंस से धनबाद भेजा गया.
इधर घटना के तुरंत बाद डीएसपी नौशाद आलम मौके पर पहुंचे और अपराधी की तलाशी में छानबीन शुरू कर दी. काली मंदिर के पास स्थित दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है. घटना की सूचना मिलते ही काफी संख्या में इंदू आउटसोर्सिंग कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी जमा हो गए. मुनीडीह काली मंदिर के पास चार रास्ते हैं. घटना के बाद अपराधी किस तरफ फरार हुआ, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
