चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पांडावीर पंचायत के हेसाबांध गांव में वार्ड सदस्य समीर सेन सुरिन की अध्यक्षता में बुधवार को ग्रामीणों की बैठक हुई. बैठक में पंचायत की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई और समाधान नहीं मिलने पर आंदोलन की तैयारी जताई गई.

ग्रामीण सोनाराम गोप ने कहा कि आम के पेड़ लगाने के लिए गड्ढा खुदवाया गया, पेड़ लगवाया गया और घेराबंदी भी की गई, लेकिन अब तक मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है. उनका कहना है कि प्रखंड कार्यालय की ओर से राशि जारी नहीं होने के कारण मजदूरी अटकी हुई है. नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि भुगतान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे.
ग्रामीण माटा तमसोय ने कहा कि अंजेडबेड़ा स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र तक जाने का रास्ता खराब है जिससे डॉक्टर और नर्स नहीं पहुंच पाते. उन्होंने सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एकजुट होकर आंदोलन की आवश्यकता बताई. अधिवक्ता महेंद्र जामुदा ने कहा कि उपायुक्त को एक सप्ताह का समय दिया गया था जो समाप्त हो गया है, अब मंत्री दीपक बिरुवा का घर घेरना होगा.
मानकी तुबिड ने जानकारी दी कि 25 सितंबर को पांडावीर पंचायत भवन में एक वर्कशॉप का आयोजन होगा जिसमें ग्रामीणों को मोबाइल के जरिए राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन और इंदिरा आवास सूची की जानकारी देखना सिखाया जाएगा. समाजसेवी रमेश बालमुचू ने कहा कि गांव में मुंडा की नियुक्ति नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उपायुक्त को इस पर ध्यान देने की जरूरत है.
बैठक में तुलसी नाथ सुरिन, रेंगो पुरती, योगेन्द्र सुरिन, लाखिन्द्र सवैया, मनकी तमसोय, सिंगराय गगराई, लुकना गोप सहित कई लोग उपस्थित थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
