चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में दशहरा/दुर्गा पूजा 2025 के दौरान बेहतर एवं व्यवस्थित विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में तय किया गया कि सभी धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों, विसर्जन मार्गों और घाटों का नियमित अवलोकन सुनिश्चित किया जाएगा.

बैठक में पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग प्रवेश और निकासी द्वार, स्वयंसेवकों की पहचान-पत्र सहित उपस्थिति, स्थानीय अधिकारियों के संपर्क सूत्र, “क्या करें-क्या न करें” की सूची का प्रदर्शन, डीजे संचालकों की सूची, तथा राज्य मुख्यालय से प्राप्त चेकलिस्ट के अनुपालन प्रतिवेदन को जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेशों पर विशेष निगरानी रखने, ग्रुप एडमिन को भ्रामक संदेश हटाने हेतु संसूचित करने, विसर्जन मार्ग और बहुमंजिला मकानों के छतों का ड्रोन से सत्यापन करने, तथा अनुमंडल मुख्यालयों में कंट्रोल रूम संचालित करने के निर्देश भी दिए गए.
बैठक में बिजली विभाग को सतर्कता के साथ विद्युत आपूर्ति बनाए रखने, पाइपलाइन की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने, विसर्जन मार्गों से अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई और सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए गए. सिविल सर्जन को अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन व्यवस्था हेतु मेडिकल टीम गठन करने और एंबुलेंस सेवा तैयार रखने के निर्देश मिले. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थों की जांच करने को कहा गया.
बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, सिविल सर्जन डॉ. सुशांतो माझी, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकट्टा, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद प्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
