चांडिल/ Afroz Mallik कपाली क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था की लापरवाही ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. यहां स्थानीय लोग अपने घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए बांस- बल्ली का सहारा ले रहे हैं. नतीजा यह है कि कई जगहों पर बिजली के तार बेहद खतरनाक स्थिति में लटकते दिखाई दे रहे हैं, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं.

बरसात के मौसम में यह खतरा और भी गंभीर हो जाता है. गीली मिट्टी और पानी के बीच बिजली के तारों के संपर्क में आने से करंट फैलने की आशंका बढ़ जाती है. इससे आम लोगों की जान- माल पर हर वक्त खतरा मंडरा रहा है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि वे कई बार बिजली विभाग को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. विभाग की उदासीनता और लापरवाही के कारण लोग मजबूरी में असुरक्षित तरीकों से बिजली का उपयोग कर रहे हैं.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नए खंभे लगाकर तारों को व्यवस्थित नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी.

