जमशेदपुर: पटमदा प्रखंड के जलडहर स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. सुबह करीब 7:15 बजे बालू लदे हाइवा ने युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान गंगासागर टुडू के रूप में की गई है. वह दो भाइयों में बड़े थे और अविवाहित थे. हादसे की सूचना मिलते ही छोटे भाई हेमसागर टुडू का रो-रोकर बुरा हाल है.

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह 8 बजे से टाटा–पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. कुछ यात्री बसों को भुईयांसिनान- भूला रोड की ओर डायवर्ट किया गया, लेकिन बेलटांड़- जोड़सा रोड, बेलटांड़- रघुनाथपुर मुख्य सड़क, जलडहर और गाड़ीग्राम समेत आसपास की सभी सड़कों पर ग्रामीणों ने जाम कर दिया. इससे स्कूली बच्चों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
ग्रामीण 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे हैं. गाड़ी मालिक चौका निवासी मिथुन सोरेन की ओर से भेजे गए प्रतिनिधि और ग्रामीणों के बीच पटमदा थाना में बैठक चल रही है. लावा पंचायत के मुखिया कानूराम बेसरा ने बताया कि गाड़ी मालिक की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है और गाड़ी मालिक के आने व वार्ता होने के बाद ही जाम समाप्त किया जाएगा.
घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला- पुरुष लाठी- डंडे के साथ मौजूद हैं और वाहनों को रोक रहे हैं. स्थिति को संभालने के लिए पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
