राजनगर/ Rasbihari Mandal दुर्गा पूजा त्यौहार को देखते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजनगर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान थाना क्षेत्र के कुनाबेड़ा, गोपालपुर, मुंडाकाटी और रांजड में अवैध महुआ और देसी शराब के खिलाफ छापामारी की गई.

कार्रवाई के क्रम में गोपालपुर जंगल से लगभग 300 लीटर जावा महुआ से भरे गैलन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.

थाना प्रभारी चंचल कुमार ने कहा कि त्योहार के समय क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है. अवैध शराब के धंधे पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे. किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत थाना को दें, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके.

