चतरा: सहारा इंडिया परिवार के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को चतरा विधायक जनार्दन पासवान से मुलाक़ात कर उनका गरमजोशी से स्वागत किया और पिछले दिनों संपन्न हुए मानसून सत्र में सहारा के निवेशकों को सदन में उठाने पर आभार जताया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और तिलक लगाकर सम्मानित किया. इस अवसर पर झारखंड के दर्जनों जिलों के प्रबंधक और सहारा इंडिया परिवार के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर सहारा- सीआरसी रिफंड पोर्टल 18 जुलाई 2023 को शुरू किया गया था. झारखंड राज्य को छोड़कर पूरे देश में सहारा इंडिया का कार्यालय खुला है. पोर्टल पर ग्राहकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय का खुला रहना आवश्यक है.
उन्होंने कहा कि झारखंड के करोड़ों गरीब लोगों का पैसा सहारा इंडिया में जमा है. यदि राज्य सरकार समय रहते इस पर संज्ञान नहीं लेती, तो उन्हें झारखंड विधानसभा में पुनः इस ज्वलंत समस्या को उठाना पड़ेगा. सरकार के मौखिक आदेश पर ग्राहक सेवा केंद्र बंद कर दिया गया है.
जनार्दन पासवान ने कहा कि झारखंड में सहारा इंडिया के करीब 2000 कर्मचारी, दस हजार फील्ड वर्कर और एक करोड़ से अधिक ग्राहक प्रभावित हैं. अनुमान है कि झारखंड वासियों का लगभग चार हजार करोड़ रुपये सहारा इंडिया में जमा है. पिछले साल सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पोर्टल के माध्यम से 5000 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ, जिसमें झारखंड को मात्र 300 करोड़ प्राप्त हुए जबकि बिहार में 800 करोड़ का भुगतान हुआ.
उन्होंने बताया कि भुगतान संभव होने का कारण बिहार में कार्यालय खुला होना था. उन्होंने कहा कि सहारा इंडिया का कार्यालय बंद होने से करोड़ों ग्राहक प्रभावित होंगे और इसके लिए झारखंड सरकार जिम्मेदार होगी. उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह से भी इस मुद्दे को उठाया है और कहा कि यह झारखंड के सभी विधायकों और सांसदों का साझा मुद्दा होना चाहिए. विधायक जनार्दन पासवान ने स्पष्ट किया कि वह झारखंड के लोगों की सहारा इंडिया से संबंधित समस्या का समाधान होने तक लड़ते रहेंगे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
